Bihar Weather: बिहार के 10 जिलों में भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट, पटना में भी होगी बारिश
मानसून के असर से पटना सहित बिहार के अलग-अलग हिस्सों में बारिश लगातार जारी है। मानसून की ट्रफ-लाइन इन दिनों अमृतसर, पटियाला, बरेली, बिहार से होते हुए अरुणाचल प्रदेश की ओर बढ़ रही है। दूसरी ओर बिहार के उत्तर-दक्षिण एवं समीपवर्ती इलाकों में चक्रवाती परिसंचरण का क्षेत्र झारखंड पर बने होने के साथ समुद्र तल से ओडिशा के रास्ते पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी तक गुजर रही है। इसके प्रभाव से पटना समेत पूरे प्रदेश के कुछ स्थानों पर अगले 24 घंटों के दौरान हल्के से मध्यम स्तर के बारिश, मेघगर्जन का पूर्वानुमान है। गंगा तटीय क्षेत्रों में खास तौर पर उत्तर बिहार के अररिया, किशनगंज, सुपौल, पूर्णिया, शिवहर, दरभंगा, मधुबनी, सीतामढ़ी, पूर्वी-पश्चिमी चंपारण के कई स्थानों पर भारी बारिश, वज्रपात, मेघ गर्जन का पूर्वानुमान है। इसको लेकर मौसम विभाग की ओर से अलर्ट जारी किया गया है।
पटना के मौसम विज्ञान केंद्र ने शुक्रवार की सुबह तात्कालिक मौसम चेतावनी में बताया कि पटना, भोजपुर, बक्सर और अरवल जिले में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। सिवान और मधेपुरा जिले के कुछ हिस्सों में भी बारिश का अनुमान जाहिर किया गया है। बिजली चमकने और बारिश गरजने की स्थिति में वज्रपात से बचने के लिए लोगों को सुरक्षित ठिकानों पर रहने की सलाह दी गई है।
पटना में सुबह से ही रिमझिम बारिश
राजधानी पटना में शुक्रवार की सुबह से ही आसमान में बादल छाए दिखे। सुबह छह बजे से ही बूंदाबांदी शुरू हुई और आधे घंटे में ही रिमझिम बारिश में तब्दील हो गई। पटना में आज पूरे दिन रुक - रुक कर बारिश के आसार हैं।
गुरुवार को अधिकतम तापमान का हाल
स्थान -तापमान
पटना- 30.6
गया -30.4
शेखपुरा-36.6
डेहरी- 20.5
भागलपुर -32.6
पूर्णिया- 30.1
(तापमान डिग्री सेल्सियस में)

