छत्तीसगढ़ ⁄ बिलासपुर Bilaspur Weather Update: बिलासपुर में हो रही झमाझम बारिश, कई इलाकों में भरा पानी

0


 बिलासपुर। Bilaspur Weather Update: सावन में ब्रेक लगने के बाद बुधवार सुबह से झमाझम बारिश जारी है। मेघ गर्जना के साथ एक घंटे से हो रही बारिश के कारण न्यायधानी के कई इलाके जलमग्न हो गए है। मौसम विभाग का अनुमान है कि बारिश का यह सिलसिला अभी जारी रहेगा। एक चक्रीय चक्रवात के कारण मौसम का मिजाज बदला है।

तेज गर्मी और उमस के बाद न्यायधानीवासियों को आज थोड़ी राहत मिली। अचानक सुबह काले घने बादल घिर आए। जिसके बाद सुबह 11 बजे से झमाझम बारिश हो रही है। शहर के कई निचले इलाकों में पानी भी भर गया है। जिसमें प्रमुख रूप से पुराना बस स्टैंड, विनोबा नगर, तोरवा और सरकंडा क्षेत्र शामिल है। फिलहल झड़ी जैसी स्थिति है। मौसम विभाग की मानें तो बारिश के बाद तापमान में गिरावट भी संभव है।

लालपुर स्थित मौसम वेधशाला के विज्ञानी डा. एचपी चंद्रा के मुताबिक मानसून द्रोणिका अमृतसर, कुरुक्षेत्र, मेरठ, गोरखपुर, मुजफ्फराबाद, जलपाईगुड़ी और उसके बाद पूर्व की ओर अरुणाचल प्रदेश तक स्थित है। एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती घेरा बिहार और उससे लगे पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर स्थित है। ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती घेरा 4.5 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है।

प्रदेश के कई स्थानों पर आज हल्की से मध्यम वर्षा होने या गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना बनी हुई है। अगस्त में हर साल अधिक बारिश होती है लेकिन इस साल अभी उम्मीद से कम बारिश हुई है। पिछले साल 596.7 मिलीमीटर का रिकार्ड है। इस साल अभी तक 20 मिलीमीटर बारिश ही दर्ज है।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)