छत्तीसगढ़ / रायपुर
मानसूनी तंत्र के प्रभाव से सोमवार सुबह से ही राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में धूप-छांव का खेल चलता रहा। मौसम विभाग का भी कहना है कि मानसून के प्रभाव से ही आज शाम तक प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में गरज चमक के साथ बारिश हो सकती है। हालांकि, अधिकतम तापमान में कोई विशेष बदलाव के संकेत नहीं है। बीते दिनों अच्छी बारिश हुई है।
बीते कुछ दिनों रायपुर सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में तापमान में बढ़ोतरी होने लगी है। अधिकतम व न्यूनतम तापमान दोनों में बढ़ोतरी हुई है। इसकी वजह से गर्मी भी थोड़ी बढ़ने लगी है। रविवार आठ अगस्त को रायपुर का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया।
रायपुर जिले में अब तक 518.2 मिमी बारिश
रायपुर जिले में अभी तक 518.2 मिमी बारिश दर्ज की गई है। बीते दस वर्षों में इस अवधि में औसत रूप से 566.9 मिमी बारिश हुई है। बारिश का यह आंकड़ा छह अगस्त तक है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले कुछ दिनों में एक बार फिर से मानसून की सक्रियता बढ़ेगी और अच्छी बारिश के संकेत हैं।
