मानसून की बेरुखी से बढ़ रही उमस भरी गर्मी के बीच एक सुकून भरी खबर है। वह ये कि बंगाल की खाड़ी में बन रहे कम दबाव के क्षेत्र से जबलपुर सहित पूर्वी मध्यप्रदेश में 15-16 अगस्त से फिर अच्छी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग की माने तो खाड़ी में बारिश का नया सिस्टम तैयार हो रहा है। 24 घंटों में जबलपुर सहित संभाग के जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की बौछारों पड़ने की संभावना है। जबकि 15 और 16 अगस्त से अच्छी बारिश के संकेत मिल रहे हैं।
फिलहाल मानसूनी सिस्टम कमजोर पड़ने से इस बार आधा सावन सूखा ही बीता। धूप, बादल के बीच शनिवार को भी सुबह से ही तेज धूप लोगों के पसीने छुड़ाती रही। तेज धूप और उसम भरी गर्मी लोगों को हलकान करती रही। हालांकि आसमान पर बादलाें की आवाजाही से लोगों को धूप से राहत मिलती रही।
पिछले वर्ष से चार इंच कम हुई बारिश:
पिछले वर्ष की तुलना में इस बार अभी तक जबलपुर में करीब चार इंच बारिश कम हुई है। मानूसनी सीजन में एक जून से अब तक जिले में 426.6 मिमी यानी करीब 17 इंच ही बारिश हुई है। जबकि पिछले साल आज के दिन तक कुल बारिश का आंकड़ा 536 मिमी यानी करीब 21 इंच बारिश हुई थी। मौसम विभाग की माने तो खाड़ी पर बन रहे कम दबाव के क्षेत्र से आसमान पर बादल छा रहे हैं। जिससे अच्छी बारिश की उम्मीद बंध रही है।
मौसम विभाग के मुताबिक आगामी 24 घंटों में जबलपुर सहित संभाग के जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की बौछारों के साथ अभी कुछ दिन ऐसे ही मौसम रहने की संभावना है। जबकि 15 और 16 अगस्त से अच्छी बारिश की उम्मीद जताई जा रही है। बहरहाल अधिकतम तापमान 33 डिग्री पर पहुंच गया। अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

