Monsoon Forecast 2021: अगले सप्ताह लौटेगा ब्रेक पर गया मानसून, कब होगी बारिश? जानने के लिए पढ़ें IMD की भविष्यवाणी

0


 उमस भरी गर्मी से दिल्ली के साथ-साथ एनसीआर के शहरों के लोगों को लगातार पांच दिन और जूझना पड़ेगा। इसके बाद अगले सप्ताह 19 अगस्त से दिल्ली-एनसीआर का मौसम करवट लेगा और छुट्टी पर गया मानसून फिर से काम पर लौटेगा। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, मानसून के लौटने पर शुरू में एक दो दिन हल्की बारिश होगी, जबकि इसके बाद झमाझम बारिश का दौर शुरू हो जाएगा। इससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिलेगी।


इस बीच मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शनिवार को आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे। दिन भर धूप खिली रहेगी। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 36 और 27 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं। रविवार को भी कमोबेश ऐसा ही मौसम बना रहेगा।


मौसम विभाग का कहना है कि इस बार रविवार को आजादी के जश्न में भी कोई खलल नहीं पड़ेगा। आसमान साफ रहेगा।इस बीच शुक्रवार को भी दिल्ली वासी दिन भर गर्मी से परेशान और पसीना पोंछने पर मजबूर रहे। अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 36.2 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य स्तर पर 27.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 44 से 78 फीसद रहा। अधिकतम तापमान 38.3 डिग्री सेल्सियस के लिहाज से नजफगढ़ और न्यूनतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस के लिहाज से पीतमपुरा सर्वाधिक गर्म इलाके रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)