बिहार में मौसम का रंग लगातार बदल रहा है। पटना समेत आसपास के इलाकों में शुक्रवार को सुबह हल्की बारिश के बाद दोपहर तक आसमान साफ हो गया और धूप निकल आई। वहीं प्रदेश के अधिकांश जिलों में बादल छाए रहे और हल्की से लेकर मध्यम बारिश रिकार्ड की गई। वहीं मौसम विभाग ने आज उत्तर बिहार के लिए अलर्ट जारी किया है। उत्तर बिहार के पश्चिमी चंपारण, सीतामढ़ी, दरभंगा, मधुबनी, किशनगंज, अररिया आदि जगहों पर मेघ गर्जन के साथ भारी बारिश का पूर्वानुमान है। इसी प्रकार की स्थिति अगले दो से तीन दिनों तक बने रहने की संभावना है। आने वाले दिनों मानसून सक्रिय होने के साथ राज्य में अच्छी बारिश के आसार हैं।
दक्षिण बिहार के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के आसार
मौसम विज्ञानियों के अनुसार राज्य में मानसून की ट्रफ-लाइन का पश्चिमी भाग हिमालय की तराई से होकर गुजर रहा है। चक्रवाती परिसचंरण का क्षेत्र आंतरिक ओडिशा एवं आसपास फैला है। एक और चक्रवाती परिसंचरण का क्षेत्र उत्तर बिहार एवं समीपवर्ती उत्तरप्रदेश के आसपास फैला है। इसके प्रभाव से राज्य में बीते 24 घंटों के दौरान उत्तर बिहार के अधिकांश स्थानों एवं दक्षिण बिहार के कुछ स्थानों पर हल्के से मध्यम स्तर की बारिश का पूर्वानुमान है।
पटना सहित कई इलाकों में शुक्रवार को हुई बारिश
बीते 24 घंटों के दौरान पटना समेत राज्य के कई हिस्सों में हल्के से मध्यम एवं भारी बारिश दर्ज हुई। जिसमें दरभंगा के बेनीबाद 102 मिमी, सीतामढ़ी के बैरगनिया 84.6 मिमी, सुपौल के त्रिवेणीगंज में 78.4 मिमी, सीतामढ़ी के बेलसंड में 66.8 मिमी व राजधानी पटना में 0.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं पटना का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस, गया का 33.2, भागलपुर का 33.8, पूर्णिया का 32.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य में मानसून के दौरान 756.2 मिमी बारिश दर्ज की गई जो सामान्य से 19 फीसद अधिक है।

