बिहार में मानसून इस साल अच्छी-खासी बारिश करा चुका है। लगातार बारिश के कारण ही नदियों में आए उफान से राज्य के ज्यादातर इलाके में बाढ़ का कहर जारी है। लेकिन अब मानसून का रंग बदलना शुरू हो गया है। पटना के मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक मानसून की ट्रफ लाइन फिलहाल लगभग पूरे बिहार को कवर कर रही है। हिमालय की तराई से लेकर पूर्वोत्तर के इलाके और गोरखपुर, गया, बालासोर के बीच मानसून सक्रिय है, लेकिन बिहार में इसकी तेजी अब कम हो रही है। इसकी वजह से अगले कुछ दिनों में बारिश में कमी आएगी और तापमान बढ़ेगा। इसके कारण उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान करेगी।
दरभंगा में हो सकती है बारिश
मौसम विभाग की ओर से जारी तात्कालिक चेतावनी के मुताबिक राज्य पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, मधुबनी, सीतामढ़ी, सुपौल, सहरसा, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, खगड़िया, बेगूसराय, गोपालगंज, सिवान, सारण और वैशाली के अलावा दरभंगा जिले के कुछ हिस्सों में आज हल्की बारिश हो सकती है। दक्षिण और पूर्वी बिहार के जिलों में आज बारिश की संभावना बेहद कम है।
19 अगस्त तक सताएगी उमस भरी गर्मी
मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार अगले 19 अगस्त तक बिहार के ज्यादातर इलाकों में बारिश के आसार नहीं हैं। कुछ इलाकों में हल्की बारिश जरूर हो सकती है। इसके कारण अगले कुछ दिनों में लोगों को उमस भरी गर्मी के लिए तैयार रहना चाहिए। अगले दो दिनों में दिन का तापमान दो डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। विभाग की ओर से फिलहाल मौसम संबंधी कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।

